नवसृजन कला साहित्य एवं संस्कृति न्यास दिल्ली द्वारा ‘हिंदी रत्न सम्मान’ का आयोजन 13 फरवरी 2021 को किया गया, जिसमें
भारत के विविध राज्यों से 32 हिन्दी शिक्षक किए गए सम्मानित।
कला, साहित्य व शिक्षा के क्षेत्र में विगत 17 वर्षों से कार्यरत संस्था नवसृजन कला साहित्य एवं संस्कृति न्यास (पंजी) दिल्ली द्वारा सम्पूर्ण देश से चयनित हिंदी शिक्षकों को उनकी हिन्दी सेवा के लिए राष्ट्रीय “नवसृजन हिंदी रत्न सम्मान ” से सम्मानित किया जाता है। न्यास के संरक्षक श्री रमेश चन्द्र, राष्ट्रीय अध्यक्ष कवि संदीप शजर ,कार्यक्रम के संयोजक राजेंद्र प्रसाद उपाध्याय, सह- संयोजिका सुश्री रश्मिरानी प्रमुख भूमिका में हैं।देश के विभिन्न राज्यों से वर्ष 2020 के लिए चयनित शिक्षकों में दिल्ली से विनीता काम्बीरी सर्वोदय कन्या विद्यालय, पंडारा रोड में प्रवक्ता हिंदी के पद पर कार्यरत हैं। गत 29 वर्ष से शिक्षा विभाग, दिल्ली प्रशासन में हिंदी की सेवा में संलग्न विनीता काम्बीरी आकाशवाणी के एफ एम रेनबो चैनल पर कार्यक्रम प्रस्तोता भी हैं व नियमित रूप से सिटीलाइट्स, ज़मीं पे सितारे आदि कार्यक्रम प्रस्तुत करती हैं।
हिंदी रत्न सम्मान समारोह का आयोजन दिनांक 13 फरवरी 2021 को पुराना राजेन्द्र नगर नई दिल्ली में किया गया, जिसमें नवसृजन कला, साहित्य एवं संस्कृति न्यास द्वारा देश भर से दिल्ली सहित तेरह राज्यों के 32 शिक्षकों को सम्मानित किया गया। दिल्ली अकादमी के सचिव श्री जीतराम भट्ट ने शिक्षकों को सम्मानित किया और साहित्य सृजन व हिंदी के उत्कर्ष में सभी पुरस्कृत शिक्षकों की भूमिका की सराहना की।
‘हिंदी रत्न सम्मान 2020’ की प्राप्ति पर अपनी प्रसन्नता दर्शाते हुए श्रीमती विनीता काम्बीरी ने हिंदी के प्रसार को अपने जीवन का अत्यंत महत्वपूर्ण लक्ष्य बताया और यह गौरव अपने गुरुजनों तथा अपने विद्यार्थियों को समर्पित किया।
यह कार्यक्रम अन्तरराष्ट्रीय स्तर के कवि, साहित्यकारों व प्रतिष्ठित अतिथियों की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ।